कोपरा में अगरबत्ती निर्माण शुरू ,आजीविका गतिविधियों में शासन महिलाओं के साथ:
गरियाबंद। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य शासन द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित किया जा रहा है। शुक्रवार को फिंगेश्वर विकासखंड के गांवों में संचालित आजीविका गतिविधियों का जिला पंचायत सीईओ चंद्रकांत वर्मा और हरी राम सिदार ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्राम कोपरा में जय महामाया महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित अगरबत्ती निर्माण कार्य का उद्धाटन किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि आजीविका गतिविधियों में शासन हमेशा महिलाओं के साथ है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा किए जा रहे आजीविका गतिविधियों की तारीफ की और प्रचार-प्रसार के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि महिलाएं बिहान योजना से जुड़कर आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बन रही है। साथ ही पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं की इस काम में शासन-प्रशासन उनके साथ हैं। अधिकारियो ने कोविड 19 के समय में घर पहुंच सेवाओं की तारीफ की।
शुक्रवार को अधिकारियों ने सबसे पहले ग्राम पंचायत कोपरा अंतर्गत उगता सूरज महिला ग्राम संगठन द्वारा संचालित सेनेटरी नेपकिन यूनिट का निरीक्षण किया। संगठन की ब्लाक अध्यक्ष श्रीमती भारती साहू ने ब्लाक में विभिन्न महिला समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद ग्राम कोपरा में ही जय महामाया महिला स्व-सहायता समूह द्वारा अगरबत्ती निर्माण यूनिट का शुभारंभ किया। समूह की सचिव श्रीमती ललिता सोनी ने सेमी आटोमेटिक मशीन से अगरबत्ती निर्माण किया। अगबत्ती निर्माण यूनिट की संचालित श्रीमती शशिकला साहू ने अगरबत्ती निर्माण में उपयोग होने वाले कच्चा समाग्री एवं पैकिंग से अधिकारियों को अवगत कराया।
ग्राम पंचायत श्यामनगर के जय बजरंग समूह द्वारा शुरू किए गए बिहान बाजार का उद्घाटन भी किया गया। यहां जनपद पंचायत फिंगेश्वर के विभिन्न समूहों द्वारा उत्पादित सामान साबुन, निरमा, अगरबत्ती, आचार, बड़ी, पापड़, मशरूम, मशरूम आचार और मसाला, आदि का विक्रय किया जाएगा। साथ ही बजरंग समूह के ही सदस्य के द्वारा किए जा रहे मछली पालन एवं सब्जी बाड़ी आजीविका का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वर्मा और फिंगेश्वर जनपद सीईओ श्री सिदार के अलावा डीपीएम जॉब्स अमर सिंह , डीएमएम दुर्गा शंकर सोनी, बीपीएम सुप्रिया बड़ा ,वायपी पिलेश्वर सिंह राजपूत ,नीरज सिंह ठाकुर, मनेंद्र कुमार कुटारे, एसी नोहेंद्र मार्कण्डेय, तेजस्वी सिन्हा और पीआरपी खेलवान साहू उपस्थित थे।
--------------