गरियाबंद, कुत्तों ने नोच डाली लाश, तब 4 दिन से लापता युवक की मौत का हुआ खुलासा
गरियाबंद। छूरा में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गयी है। युवक 4 दिन पहले घर से निकला था और आज घर के पीछे उसकी लाश बरामद हुई है। कुत्ते जब लाश को नोचने लगे तब मामले का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छूरा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। मिली जानकारी के अनुसार मामला छूरा के मामूली पारा का है। परिजनों के मुताबिक जयप्रकाश अग्रवाल 29 दिसम्बर शाम को अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था। आज सुबह घर के पीछे पड़ी उजाड़ जगह में उसकी लाश बरामद हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही छूरा पुलिस और विभाग के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल शव को पीएम के लिए रवाना कर पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से मामले को सुलझाने में जुट गयी है।
लाश की जानकारी आज सुबह एक चरवाहे के देखने के बाद परिजनों को मिली। चरवाहा बकरी चराने गया था। कुछ दूरी पर उसने कुत्ते मंडराते हुए दिखाई दिए। जब वह पास गया तो उसने कपड़े में लिपटी लाश नजर आई। चरवाहा ने इसकी जानकारी परिजनों और मोहल्लेवासियों को दी। मृतक की पत्नी ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। छूरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने युवक की हत्या की आशंका जाहिर की है। उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली गयी है। मामले से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां भी पुलिस के हाथ लगी है। उन्होंने जल्द ही मामले का खुलासा होने का भरोसा दिलाया है।
अधिक जानकारी देते हुए श्री राठौर ने बताया कि मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल गायब है। मृतक के दो बच्चे है। उन्होंने हत्या में एक से अधिक के शामिल होने और किसी करीबी के हाथ होने से भी इंकार नही किया है। उन्होंने कहा कि डॉग स्क्वायड से मामले में कुछ सुराग हाथ लगे है। जल्द ही आरोपियो को बेनकाब कर दिया जाएगा।