पंचायत सचिव संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर। पंचायत सचिवों की मांग को बताया जायज, जिला पंचायत सभापति ने दिया अपना समर्थन
गरियाबंद। पंचायत सचिवों ने एकसूत्रीय शासकीयकरण की मांग को लेकर शासन के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंकते हुए आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के पहले ही दिन जिला पंचायत सभापति फिरतुराम कंवर एवं लोकेश्वरी नेताम ने सचिवों की मांगों को जायज बताते हुए अपना समर्थन दिया है।
प्रांतव्यापी आव्हान पर शनिवार 26 दिसंबर से पंचायत सचिव संघ ब्लाक इकाई गरियाबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में पंचायत सचिव संघ अपने एकसूत्रीय मांग शासकीयकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पहले ही दिन पंचायत सचिवों ने आवाज बुलंद करते हुए राज्य़ सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के पहले ही दिन जिला पंचायत सभापति लोकेश्वरी नेताम एवं फिरतुराम कंवर ने पंचायत सचिवों की मांगों को जायज बताते हुए समर्थन दिया है। उन्होंने कहा है कि शासन की योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पंचायत सचिव जिम्मेदारियों के साथ काम करते हुए आ रहे हैं। कहा की राज्य सरकार को इनकी मांग पर विचार करते हुए जल्द से जल्द पूरी करनी चाहिए।
पंचायत सचिव संघ ने बताया कि प्रांतव्यापी आह्वान पर राज्य में तीन चरणों में आंदोलन प्रस्तावित किए गए थे। पहले चरण में 21 दिसंबर को जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन कर रैली निकाली गई। दूसरे चरण में 24 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालय में धरना प्रदर्शन व रैली का आयोजन हुआ और तीसरे चरण में 26 दिसंबर से काम का बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल किए जाने का था। जिसके तारतम्य़ में पंचायत सचिव संघ ब्लाक इकाई गरियाबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल में हैं।