गरियाबंद में बच्चा चोरी, जांच में जुटी पुलिस, बच्चे के ही फोन से मांगी फिरौती की रकम
गरियाबंद। जिले में बच्चा चोरी का मामला सामने आया है। बच्चा रायपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। जो गरियाबंद जिले में किडनैप हो गया है। बच्चा कल अपने मामा के साथ उनके गांव आया था। और आज मामा के साथ वापिस अपने गांव लौट रहा था। बीच रास्ते से बच्चा किडनैप हुआ है। बच्चे के फोन पर घरवालों से ₹3 लाख फिरौती की मांग की भी खबर है। मामला फिंगेश्वर थाना और रायपुर के अभनपुर थाना से जुड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार अभनपुर थाना क्षेत्र के गातापार गांव का एक 15 वर्षीय बच्चा किडनैप हो गया है। बच्चा कल अपने मामा के साथ मोटरसाइकल से उनके गांव बासीन आया था। आज मामा के साथ वापस अपने गांव गातापार लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में वह किडनैप हो गया है।
बच्चे के फोन पर घरवालों से ₹3 लाख फिरौती की मांग की गई है। परिजनों ने फिंगेश्वर थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। घटना आज दोपहर 12:00 बजे की बताई जा रही है। बच्चा अपने मामा के साथ निकला था इसी दौरान वह किडनैप हुआ है। घटना की शिकायत मिलते ही फिंगेश्वर सहित पूरे गरियाबंद जिले की पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर स्वयं मामले की मानिटरिंग कर रहे हैं। बासीन और उसके आसपास के इलाके की छानबीन की जा रही है। पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर पुलिस बल छानबीन में जुटा हुआ है। साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बच्चे के साथ उसका मामा भी लापता है। हालांकि गरियाबंद पुलिस द्वारा फिलहाल मामले की कोई पुष्टि नहीं की गई है। अभनपुर पुलिस ने बच्चे के किडनैप होने की पुष्टि की है।